स. हीरा सिंह ने यात्रियों के जज्बे को सराहा; राजन घई और रजनीत हुंजन ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
अहमदगढ़ 19 फरवरी (नवदीप शर्मा /गगनदीप दर्पण) अहमदगढ़ की सुबह आज उस समय और भी भक्तिमय हो गई जब श्री सालासर बालाजी सेवा मंडल (रजि.) की तीसरी पैदल यात्रा के प्रस्थान की सूचना मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता अपना समर्थन और आशीर्वाद देने श्री हनुमान मंदिर पहुँच गए। जैसे ही भाजपा हल्का इंचार्ज स. हीरा सिंह गाबड़िया और अन्य नेताओं को पदयात्रियों के इस कठिन संकल्प के बारे में पता चला, वे खुद को रोक नहीं पाए और अलसुबह ही मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं के बीच उपस्थित हुए। पदयात्रियों का उत्साह बढ़ाते हुए स. हीरा सिंह गाबड़िया ने कहा कि 11 दिनों की यह पदयात्रा केवल शारीरिक तपस्या नहीं, बल्कि अटूट विश्वास की विजय है। उन्होंने यात्रियों को विदा करते हुए विश्वास दिलाया कि धर्म के इस मार्ग पर वे अकेले नहीं हैं, पूरा शहर और भाजपा परिवार उनकी सुरक्षा और सुविधाओं के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने वादा किया कि यात्रा के मार्ग में किसी भी प्रकार की आवश्यकता पड़ने पर वे व्यक्तिगत रूप से सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे।
भाजपा मंडल प्रधान राजन घई और महिला नेता रजनीत हुंजन ने यात्रियों के जज्बे को नमन किया। उन्होंने कहा कि अहमदगढ़ की यह गौरवशाली परंपरा अब शहर की पहचान बन चुकी है। रजनीत हुंजन ने विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं के साहस की सराहना की और कहा कि यह पदयात्रा नारी शक्ति और भक्ति का अद्भुत संगम है। नेताओं ने जगेड़ा-मलेरकोटला रोड तक यात्रियों के साथ पैदल चलकर उनका उत्साहवर्धन किया और सुरक्षित यात्रा की मंगल कामना की। इस अवसर पर मंडल प्रधान आनंद मित्तल, सोनू रामानंद, राकेश जोशी ,तरसेम गर्ग ,भरत गोयल परिवार और राजा ब्रदर्स सहित शहर की तमाम धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने यात्रियों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें विदा किया।
कैप्शन :- पदयात्रियों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे भाजपा हल्का इंचार्ज स. हीरा सिंह गाबड़िया, मंडल प्रधान राजन घई, उपाध्यक्ष रजनीत हुंजन व अन्य गणमान्य।




